ब्रिटेन के सबसे अमीर हिंदुजा परिवार के चार लोगों को नौकरों के शोषण मामले में हुई सज़ा

स्विट्ज़रलैंड की एक अदालत ने हिंदुजा परिवार के चार लोगों को चार से लेकर साढ़े चार साल तक की सज़ा सुनाई है

सारांश

  • दिल्ली हाई कोर्ट ने अरविंद केजरीवाल को मिली ज़मानत पर रोक लगाई, ईडी की याचिका पर फ़ैसला सुरक्षित रखा
  • इस साल हज के दौरान 98 भारतीय हाजियों की मौत हुईः विदेश मंत्रालय
  • अर्मीनिया ने फ़लस्तीन को राष्ट्र के रूप में मान्यता दी, ग़ज़ा में संघर्ष विराम का आह्वान किया
  • टी20 वर्ल्ड कप: सुपर 8 के तीसरे मैच में भारत ने अफ़गानिस्तान को 47 रनों से हराया
  • तमिलनाडु में ज़हरीली शराब पीने से अब तक 39 लोगों की मौत
  • कांग्रेस ने देश भर में पेपर लीक के ख़िलाफ़ प्रदर्शन किया, नीट परीक्षा फिर से कराने की मांग की

लाइव कवरेज

अरशद मिसाल

  1. ब्रिटेन के सबसे अमीर हिंदुजा परिवार के चार लोगों को नौकरों के शोषण मामले में हुई सज़ा

    जेनेवा की एक अदालत में पेश होते हुए अजय और नमृता हिंदुजा

    इमेज स्रोत, EPA

    इमेज कैप्शन, जेनेवा की एक अदालत में पेश होते हुए अजय और नमृता हिंदुजा

    स्विट्ज़रलैंड की एक अदालत ने ब्रिटेन के सबसे अमीर परिवारों में से एक हिंदुजा परिवार के चार लोगों को भारत से लाए गए कामगारों के शोषण के मामले में दोषी क़रार देते हुए चार साल जेल की सज़ा सुनाई है.

    हिंदुजा परिवार पर आरोप है कि उन्होंने अपने जेनेवा स्थित बंगले में काम करने के लिए भारत से नौकरों को बुलाया और उनका शोषण किया.

    प्रकाश हिंदुजा, कमल हिंदुजा और उनके बेटे अजय हिंदुजा और बहू नमृता हिंदुजा को चार साल से लेकर साढ़े चार साल तक की सज़ा सुनाई गई है.

    बुज़ुर्ग हिंदुजा बंधू- प्रकाश हिंदुजा और कमल हिंदुजा अपनी उम्र और ख़राब सेहत का हवाला देते हुए अदालत में पेश नहीं हुए, वहीं, अजय हिंदुजा और नमृता हिंदुजा की गिरफ़्तारी का आदेश दिया गया है.

    स्विट्ज़रलैंड की मीडिया की रिपोर्टों के मुताबिक़, हो सकता है दोषी क़रार दिए गए अभियुक्त फ़रार हो गए हों.

    हिंदुजा परिवार पर नौकरों के पासपोर्ट ज़ब्त करने और न्यूनतम से भी कम मज़दूरी देने के आरोप हैं.

    पिछले सप्ताह हिंदुजा परिवार ने तीन पीड़ित नौकरों से अदालत के बाहर समझौता किया था. अभी ये स्पष्ट नहीं है कि ये समझौता कितने पैसे में किया गया पैसा दिया गया, हालांकि ये बड़ी रक़म हो सकती है.

  2. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने पेपर लीक पर हंगामे के बीच टाली सीएसआईआर-यूजीसी-नेट परीक्षा

    कांग्रेस ने आज देश भर में परीक्षाओं में हो रही गड़बड़ी के ख़िलाफ़ प्रदर्शन किया है

    इमेज स्रोत, @INCIndia

    इमेज कैप्शन, कांग्रेस ने आज देश भर में परीक्षाओं में हो रही गड़बड़ी के ख़िलाफ़ प्रदर्शन किया है

    नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने सीएसआईआर-यूजीसी-नेट परीक्षा 2024 को टाल दिया है.

    ये परीक्षा 25 से 27 जून 2024 को आयोजित की जानी थी.

    एक बयान जारी कर एनटीए ने कहा है कि ना टाली जा सकने वाली परिस्थितियों और लॉजिस्टिकल दिक्कतों की वजह से परीक्षा को टाला जा रहा है.

    एनटीए ने कहा है कि अभ्यर्थियों को परीक्षा की नई तिथि के बारे में जल्द ही जानकारी दे दी जाएगी.

    एनटीए ने अभ्यर्थियों से ताज़ा जानकारी के लिए अपनी अधिकारिक वेबसाइट csirnet.nta.ac.in को विज़िट करते रहने के लिए कहा है.

    सीएसआईआर यूजीसी नेट परीक्षा राष्ट्रीय स्तर की पात्रता परीक्षा है. इसके ज़रिए जूनियर रिसर्च फेलो और लेक्चरशिप और असिस्टेंट लेक्चरशिप के लिए योग्य अभ्यर्थी चुने जाते हैं.

    काउंसिल ऑफ़ साइंटिफ़िक एंड इंडस्ट्रियल रिसर्च और यूनिवर्सिटी ग्रांट कमिशन मिलकर इस परीक्षा को एनटीए के सहयोग से आयोजित करते हैं.

  3. कथित पेपर लीकः कांग्रेस का देश भर में प्रदर्शन, नीट परीक्षा रद्द करने की मांग

    प्रदर्शन करते कांग्रेस कार्यकर्ता

    इमेज स्रोत, @INCIndia

    भारत की मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस ने शुक्रवार को देश के अधिकतर हिस्सों में कथित पेपर लीक के ख़िलाफ़ प्रदर्शन किया.

    हाल ही में हुई कई प्रवेश और भर्ती परीक्षाओं की पारदर्शिता पर सवाल उठे हैं. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने 18 जून को हुई यूजीसी-नेट परीक्षा को पर्चा लीक होने के कारण रद्द कर दिया है. इस पेपर लीक की जांच सीबीआई कर रही है.

    वहीं, मेडिकल कॉलेजों में दाख़िले के लिए होने वाली नीट यूजी परीक्षा भी सवालों के घेरे में हैं. बिहार पुलिस ने कथित पेपर लीक के आरोप में कई लोगों को गिरफ़्तार किया है.

    विपक्ष पर्चा रद्द करने की मांग कर रहा है. पिछले कुछ दिनों में कई छात्र संगठनों ने भी नीट परीक्षा को रद्द करने की मांग करते हुए प्रदर्शन किया है.

    नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के आरोपों की सुनवाई सुप्रीम कोर्ट में चल रही है.

    गुरुवार को भारत के शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा था कि परीक्षाओं में गड़बड़ी के पीछे जो भी लोग हैं उन्हें बख़्शा नहीं जाएगा.

    केंद्रीय मंत्री ने स्वीकार किया था कि यूजीसी नेट का पेपर डार्क वेब पर लीक हो गया था. यूजीसी नेट परीक्षा के ज़रिए यूनिवर्सिटी और कॉलेजों में प्रोफ़ेसर पदों पर चयन होता है.

  4. रूस का दावा, यूक्रेन के सौ से अधिक ड्रोन मार गिराये, बड़ा हमला नाकाम किया

    ड्रोन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, ड्रोन तैयार करता यूक्रेनी सैनिक (फ़ाइल फोटो)

    रूस का कहना है कि उसने बीती रात क्राइमिया और रूस के कुछ इलाक़ों में यूक्रेन के बड़े हमले को नाकाम कर दिया है.

    रूस ने सौ से अधिक ड्रोन और 6 मानवरहित नावों को नष्ट करने का दावा किया है.

    रूस का दावा है कि दक्षिणी रूस के क्रासनोडार इलाक़े पर सबसे भीषण हमला हुआ.

    ऑनलाइन पोस्ट किए गए वीडियो में इस इलाक़े के येस्क स्थित सैन्य हवाई अड्डे के पास आग लगी दिख रही है.

    क्रासनोडार के अधिकारियों ने सैन्य अड्डे के पास की घटनाओं पर टिप्पणी नहीं की है लेकिन ये बताया है कि इल्स्की के पास स्थित एक तेल रिफ़ायनरी की प्रशासनिक इमारतों में आग लगी है.

    अधिकारियों के मुताबिक़ इस आग को बुझा दिया गया है और इस घटना में दो लोग घायल हुए हैं.

    एक स्थानीय गवर्नर के मुताबिक़ गिरते हुए मलबे की चपेट में आकर एक व्यक्ति की मौत क्रासनोडार शहर में हुई है.

  5. फ़्रांसीसी पत्रकार ने मर्ज़ी से भारत छोड़ा, वर्क परमिट आवेदन विचाराधीनः विदेश मंत्रालय

    सेबास्टियन फ़्रांसिस

    इमेज स्रोत, @SEBFARCIS/X

    भारत के विदेश मंत्रालय ने फ़्रांसीसी पत्रकार सबेस्टियन फ्रांसिस के भारत छोड़ने पर प्रतिक्रिया दी है.

    भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया है कि फ्रांसिस ओसीआई (ओवरसीज़ सिटीजन ऑफ़ इंडिया) कार्ड होल्डर हैं.

    विदेश मंत्रालय ने कहा है कि फ़्रांसिस के वर्क परमिट एप्लीकेशन को ख़ारिज नहीं किया गया है, यह अभी विचाराधीन है.

    फ़्रांसिस ने गुरुवार को एक बयान जारी कर कहा था कि भारत सरकार ने उन्हें वर्क परमिट नहीं दिया है इसलिए वो 13 साल बाद देश छोड़ रहे हैं.

    रणधीर जायसवाल ने कहा, “जहां तक मुझे पता है, सबेस्टियन ने मई 2024 में आवेदन दिया था, उनके वर्क परमिट का आवेदन अभी भी विचाराधीन है.”

    पत्रकार के देश छोड़ने पर उन्होंने कहा, “जहां तक उनके देश छोड़ने का सवाल है, ये उनका फ़ैसला है, जहां तक उनके वर्क परमिट का सवाल है, वो अभी विचाराधीन है.”

    भारत में पत्रकारिता करने के लिए विदेशी पत्रकारों या ओसीआई कार्ड धारक पत्रकारों को भारत सरकार से वर्क परमिट की ज़रूरत होती है.

    बीते कुछ महीनों में दो और विदेश पत्रकारों ने भारत सरकार पर वर्क परमिट ना देने का आरोप लगाते हुए देश छोड़ दिया.

  6. केजरीवाल की ज़मानतः फिलहाल जेल में ही रहेंगे केजरीवाल, हाई कोर्ट में फ़ैसला सुरक्षित

    अरविंद केजरीवाल

    इमेज स्रोत, Getty Images

    दिल्ली हाई कोर्ट ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को मिली ज़मानत पर लंबी सुनवाई के बाद अपना फ़ैसला 2-3 दिनों के लिए रिज़र्व रख लिया है.

    अदालत ने इससे पहले राऊज़ एवेन्यू कोर्ट से अरविंद केजरीवाल को मिली ज़मानत पर रोक लगा दी थी.

    अदालत ने कहा, "आक्षेपित आदेश के संचालन पर तब तक रोक लगाई जाती है.”

    इसका मतलब ये है कि अरविंद केजरीवाल को मिली ज़मानत पर रोक लगाने के लिए दायर की गई ईडी की याचिका पर हाई कोर्ट का फ़ैसला आने तक अरविंद केजरीवाल जेल से रिहा नहीं हो सकेंगे.

    हाई कोर्ट अगले 2-3 दिनों में ईडी की याचिका पर अपना आदेश दे सकता है.

    केजरीवाल को कथित शराब नीति घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने मार्च में गिरफ़्तार किया था.

    सुप्रीम कोर्ट ने केजरीवाल को आम चुनावों के दौरान प्रचार के लिए अंतरिम ज़मानत दी थी. ज़मानत अवधि 2 जून को समाप्त हो गई थी और केजरीवाल को फिर से तिहाड़ जेल जाना पड़ा था.

    शुक्रवार शाम राऊज़ अवेन्यू कोर्ट ने अरविंद केजरीवाल को ज़मानत दे दी थी जिसके ख़िलाफ़ ईडी ने दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका दायर की है.

    शुक्रवार को इस याचिका पर लंबी सुनवाई हुई और हाई कोर्ट ने अपना फ़ैसला सुरक्षित रख लिया.

  7. हजः अब तक 98 भारतीय हाजियों की मौत, 1 लाख 75 हाजी सऊदी गए

    हज

    इमेज स्रोत, Getty Images

    भारत सरकार के विदेश मंत्रालय ने बताया है कि इस साल सऊदी अरब में हज के दौरान 98 भारतीयों की मौत हुई है.

    विदेश मंत्रालय के मुताबिक़ इस सत्र में अब तक 1 लाख 75 हज़ार हाजी हज पर गए हैं.

    इस साल हज के दौरान सऊदी अरब में भीषण गर्मी पड़ी है और कई देशों के नागरिकों की मौत हुई है.

    सऊदी अरब में मरने वालों का अधिकारिक आंकड़ा तो जारी नहीं किया गया है लेकिन माना जा रहा है कि अब तक 900 से अधिक हाजियों की मौत हो चुकी है.

    भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया, “हर साल बड़ी तादाद में भारतीय तीर्थयात्री हज पर जाते हैं. इस साल अब तक 1 लाख 75 हज़ार भारतीय हाजी गए हैं. अब तक 98 भारतीयों की मौत सऊदी अरब में हुई है.”

    हज के दौरान सऊदी अरब में जान गंवाने वाले लोगों को वहीं दफ़न किया जाता है. हर साल दुनियाभर से दसियों लाख हाजी तीर्थ यात्रा पर मक्का और मदीना आते हैं.

    मुसलमान हज के दौरान जान जाने और सऊदी अरब में दफ़न होने को सौभाग्य की बात भी मानते हैं.

  8. ग़ज़ाः अमेरिकी सेना ने फिर से स्थापित किया मदद पहुंचाने वाला पियर, 6 सौ टन सामान पहुँचा

    अमेरिकी सेना का बनाया पियर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    अमेरिकी सेना का कहना है कि ग़ज़ा के तट पर मदद लाने के लिए बनाया गया अस्थायी पियर फिर से स्थापित कर दिया गया है और राहत सामग्री का पहुंचना चालू हो गया है.

    सेना के मुताबिक़ गुरुवार को इस पियर के ज़रिये छह सौ टन से अधिक राहत सामग्री ग़ज़ा पहुंची है.

    30 करोड़ डॉलर के ख़र्च पर अमेरिकी सेना ने ये पियर ग़ज़ा के तट पर स्थापित किया है.

    हालांकि, हाल के समय में तेज़ हवा और ख़राब मौसम की वजह से ये पियर दस दिन से काम नहीं कर रहा था.

    संयुक्त राष्ट्र ने 8 जून को इसराइली सेना के बंधकों की रिहाई के लिए चलाये गए अभियान के बाद से इस पियर का इस्तेमाल करना बंद कर दिया है.

    इसराइली सेना ने पियर के इर्द-गिर्द के इलाक़े का इस्तेमाल अपने सैन्य अभियान में किया था.

    इसराइल ने दक्षिणी ग़ज़ा में मदद पहुंचाने के लिए एक सुरक्षित रास्ता स्थापित करने का वादा किया था जो अभी तक पूरा नहीं किया गया है.

    दक्षिणी शहर रफ़ा में इसराइली सेना के अभियान की वजह से यहां का मुख्य नाका भी बंद है.

  9. ग़ज़ाः अर्मीनिया ने दी फ़लस्तीन को राष्ट्र की मान्यता, किया संघर्ष विराम का आह्वान

    फ़लस्तीनी झंडा

    इमेज स्रोत, Getty Images

    अर्मीनिया ने औपचारिक रूप से फ़लस्तीन को एक राष्ट्र के की मान्यता दे दी है.

    एक बयान में अर्मीनिया के विदेश मंत्रालय ने इसराइल-फ़लस्तीनी संघर्ष के दो-राष्ट्र समाधान के लिए प्रतिबद्धता ज़ाहिर की है.

    अर्मीनिया ने कहा है दो राष्ट्रों का निर्माण ही इसराइल और फ़लस्तीनियों के बीच स्थायी और समावेशी शांति स्थापित करने का एकमात्र रास्ता है.

    अर्मीनिया ने ग़ज़ा के हालात को भयावह बताते हुए एक बार फिर से ग़ज़ा में संघर्ष विराम का आह्वान भी किया है.

    अब दुनिया के 140 से अधिक देश फ़लस्तीन को राष्ट्र मानते हैं.

    इस साल यूरोप और कैरीबिया के कई देशों ने फ़लस्तीन को राष्ट्र के रूप में मान्यता दी है.

  10. टी20 वर्ल्ड कप: ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश को 'डीएलएस' नियम से हराया

    पैट कमिंस

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, विकेट लेने के बाद ऑस्ट्रेलिया के तेज़ गेंदबाज पैट कमिंस

    टी20 वर्ल्ड कप के सुपर 8 के चौथे मुक़ाबले में ऑस्ट्रेलिया ने डीएलएस नियम से जीत दर्ज की.

    ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फ़ैसला किया. पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश की टीम ने 20 ओवर में आठ विकेट के नुक़सान पर 140 रन बनाए.

    ऑस्ट्रेलिया के तेज़ गेंदबाज पैट कमिंस ने इस मैच में हैट्रिक विकेट लिए. पैट कमिंस ने 18वें ओवर की आखिरी दो गेंदों पर महमूदुल्लाह और मेहदी हसन को आउट किया. 20वें ओवर की पहली गेंद पर तौहीद हृदय को आउट कर टी20 विश्व कप में हैट्रिक विकेट लेने वाले वे सातवें खिलाड़ी बन गए हैं.

    141 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की टीम ने 11.2 ओवर में दो विकेट के नुक़सान पर 100 रन बनाए.

    इसके बाद बारिश होने लगी और खेल को रोकना पड़ा.

    ऑस्ट्रेलिया की ओर से सबसे ज़्यादा डेविड वॉर्नर ने नाबाद 35 गेंदों में 53 रन बनाए.

    देर तक बारिश होने की वजह से ऑस्ट्रेलिया टीम को "डीएलएस" नियम से जीत दे दी गई.

    पैट कमिंस को शानदार गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द प्लेयर दिया गया.

    ऑस्ट्रेलियाई टीम इस टी20 वर्ल्ड कप में एक भी मैच नहीं हारी है.

  11. रूसी राष्ट्रपति पुतिन ने दक्षिण कोरिया से कहा- अगर ऐसा किया तो बड़ी ग़लती होगी

    व्लादिमीर पुतिन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन

    राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने रूस के ख़िलाफ़ जंग में यूक्रेन को हथियार देने को लेकर दक्षिण कोरिया को आगाह किया है.

    पुतिन ने कहा कि रूस के ख़िलाफ़ जंग में यूक्रेन को हथियार देकर दक्षिण कोरिया बड़ी ग़लती करेगा.

    दक्षिण कोरिया ने बताया कि वो रूस और उत्तर कोरिया के बीच हुए नए समझौते को देखते हुए यूक्रेन को हथियार देने के बारे में सोच रहा है. इस पर पुतिन ने प्रतिक्रिया देते हुए दक्षिण कोरिया को आगाह किया है.

    रूस और उत्तर कोरिया ने दूसरे देश से जंग के दौरान एक दूसरे की मदद करने को लेकर समझौता किया है.

    इस पर दक्षिण कोरिया ने विरोध दर्ज कराया है. दक्षिण कोरिया ने पहले इस समझौते को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए ख़तरा बताकर निंदा की थी. राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार चांग हो-जिन ने कहा था कि उनके देश ने "यूक्रेन को हथियार देने के मुद्दे पर पुनर्विचार" करने की योजना बनाई है.

    पुतिन ने गुरुवार को वियतनाम में पत्रकारों से कहा कि अगर दक्षिण कोरिया यूक्रेन को हथियारों की आपूर्ति करने का फैसला करता है तो रूस के फ़ैसले से दक्षिण कोरिया का वर्तमान नेतृत्व खुश नहीं होगा."

    पुतिन की टिप्पणी के बाद, "दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति कार्यालय ने शुक्रवार को कहा कि वह यूक्रेन को हथियारों की आपूर्ति में "विभिन्न विकल्पों" पर विचार करेगा और उसका रुख़ इस बात पर निर्भर करेगा कि रूस इस मुद्दे को कैसे देखता है."

  12. हाई कोर्ट में सुनवाई पूरी होने तक केजरीवाल की ज़मानत पर रोक

    अरविंद केजरीवाल

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, अरविंद केजरीवाल (फ़ाइल फोटो)

    दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल को दिल्ली के कथित शराब घोटाले में मिली ज़मानत के खिलाफ़ ईडी हाई कोर्ट पहुंची है.

    बीबीसी संवाददाता उमंग पोद्दार का कहना है कि एडिशनल सॉलिसिटर जनरल एसवी राजू ने कोर्ट से तत्काल सुनवाई की मांग की है.

    हालांकि केजरीवाल के वकीलों ने ईडी की इस याचिका का विरोध किया है.

    जस्टिस सुधीर कुमार जैन और रविंद्र दुदेजा की वोकेशनल बेंच ने कहा कि केस की फ़ाइल उनके पास आने पर वो इस याचिका पर जल्द सुनवाई करेंगे.

    सुनवाई पूरी होने तक हाई कोर्ट ने केजरीवाल की ज़मानत पर रोक लगा दी है.

    एक घंटे में ईडी की याचिका पर सुनवाई शुरू हो सकती है.

    केजरीवाल को मिली ज़मानत के विरोध में ईडी ने हाई कोर्ट में याचिका दायर कर जल्द सुनवाई की मांग की जिसे हाई कोर्ट ने स्वीकार कर लिया है.

    दिल्ली की राउज़ एवेन्यू अदालत ने गुरुवार को कथित शराब घोटाला मामले में तिहाड़ जेल में बंद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को ज़मानत दी थी.

  13. कनाडा में ख़ालिस्तान समर्थकों के 'जनता दरबार' लगाने पर भारत ने जताया विरोध

    खालिस्तान समर्थक

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, निज्जर की हत्या के बाद विरोध करते ख़ालिस्तानी समर्थक (फ़ाइल फोटो)

    कनाडा के वैंकूवर में ख़ालिस्तान समर्थकों ने कथित जनता दरबार लगाया, जिसके खिलाफ भारत ने विरोध दर्ज कराया है.

    अधिकारियों ने बताया कि 20 जून को वैंकूवर में ख़ालिस्तान समर्थकों के जनता दरबार लगाने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला जलाने को लेकर भारत ने कड़ा विरोध जताया है.

    भारत ने कनाडाई उच्चायोग को एक पत्र जारी कर गंभीर आपत्ति जताई है.

    भारत ने पत्र में जस्टिन ट्रूडो सरकार द्वारा खालिस्तानी की मांग करने वाले लोगों कनाडा में जगह दिए जाने का भी विरोध किया है.

    भारत ने कनाडाई संसद द्वारा खालिस्तान समर्थक हरदीप सिंह निज्जर की याद में "मौन" रखने के एक दिन बाद विरोध जताया था.

    पिछले साल जून ब्रिटिश कोलंबिया में ख़ालिस्तन समर्थक निज्जर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. कनाडा ने कहा था कि निज्जर की हत्या में भारत की संलिप्तता के उसके पास 'विश्वसनीय सबूत' हैं

    14 जून को जी7 शिखर सम्मेलन के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कनाडाई प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो के बीच संक्षिप्त बातचीत हुई थी.

  14. अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौक़े पर प्रधानमंत्री मोदी ने क्या कहा

    नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, narendramodi @X

    इमेज कैप्शन, योग दिवस के मौके पर लोगों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी

    21 जून यानी शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया.

    इस मौक़े पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कश्मीर के डल झील के किनारे स्थित शेर-ए-कश्मीर इंटरनेशनल कॉन्फ़्रेंस सेंटर (एसकेआईसीसी) में योग किया.

    इस दौरान उन्होंने दुनिया के अलग-अलग हिस्से में योग कर रहे लोगों को कश्मीर से योग दिवस की बधाई दी.

    उन्होंने कहा, "पूरी दुनिया में योग करने वालों की संख्या लगातार बढ़ रही है. दुनिया के बड़े नेता जब भी मुझसे मिलते हैं, योग की चर्चा ज़रूर करते हैं."

    "योग अब सीमित दायरे से बाहर निकल रहा है. दुनिया योग को नई इकॉनमी के तौर पर देख रही है. भारत में योग टूरिज्म का एक नया ट्रेंड देखने को मिल रहा है."

    उन्होंने कहा, "योग केवल एक विद्या नहीं विज्ञान है. आज सूचना क्रांति के इस दौर में सभी ओर सूचना संसाधनों की बाढ़ हैं. ऐसे में मानव मस्तिष्क के लिए एक विषय पर फोकस कर पाना बड़ी चुतौती है. इसका भी निदान हमें योग से मिलता है."

    "दुनिया योग को वैश्विक भलाई के लिए एक शक्तिशाली एजेंट के तौर पर देख रही है."

    प्रधानमंत्री मोदी के दौरे को देखते हुए कश्मीर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं.

  15. ट्रंप को एक आदमी ने दिया पाँच करोड़ डॉलर का चंदा

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, डोनाल्ड ट्रंप

    डोनाल्ड ट्रंप के राष्ट्रपति चुनाव प्रचार के लिए अरबपति टिमोथी मेलन ने अकेले पाँच करोड़ डॉलर चंदा दिया है.

    ट्रंप के लिए काम करने वाली "एमएजीए इंक" नामक सुपर-पैक फंड ने फेडरल चुनाव आयोग को बताया कि उसने पिछले महीने लोगों से 6.8 करोड़ डॉलर से अधिक का चंदा लिया था.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक पिट्सबर्ग स्थित मेलन बैंकिंग परिवार के उत्तराधिकारी टिमोथी मेलन ने ट्रंप को पाँच करोड़ डॉलर चंदा दिए.

    वहीं अरबपति लिज़ और डिक उइहलीन ने एक करोड़ डॉलर चंदा दिए हैं.

    अमेरिकी मीडिया के अनुसार, ट्रंप को न्यूयॉर्क हश-मनी केस में दोषी ठहराने के एक दिन बाद मेलन ने ये चंदा भेजा था.

    मेलन ने एक निर्दलीय राष्ट्रपति प्रत्याशी रॉबर्ट एफ कैनेडी जूनियर को भी सबसे ज्यादा दो करोड़ डॉलर चंदा दिया है.

    मेलन द्वारा दिए चंदे की मदद से पिछले कुछ सप्ताह में ट्रंप की टीम ने चुनाव प्रचार में राष्ट्रपति बाइडन से ज्यादा खर्च किया है.

  16. इंडोनेशिया ने बढ़ाई मैटरनिटी लीव

  17. केजरीवाल को ज़मानत मिलने पर कपिल सिब्बल क्या बोले

    कपिल सिब्बल

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, कपिल सिब्बल (फ़ाइल फोटो)

    दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को कथित शराब घोटाले में ज़मानत मिलने पर राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने कहा कि चुनाव समाप्त हो गए हैं, इसलिए अभियोजन पक्ष की नज़र से अब उन्हें जेल में रखने की कोई आवश्यकता नहीं है.

    उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स लिखा, " बधाई हो, केजरीवाल को ज़मानत मिल गई. लंबे."

    "चुनाव समाप्त हो गए हैं, इसलिए अभियोजन पक्ष के दृष्टिकोण से अब उन्हें जेल में रखने की कोई आवश्यकता नहीं है."

    उन्होंने कहा कि न्यायिक व्यवस्था अनुचित रही है.

    कथित शराब घोटाले मामले में तिहाड़ जेल में बंद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को राउज़ एवेन्यू कोर्ट ने ज़मानत दे दी है.

    अदालत ने उन्हें मनी लॉन्ड्रिंग के मामले में अंतरिम ज़मानत दी है.

  18. टी20 वर्ल्ड कप: सुपर 8 मुक़ाबले में इंडिया ने अफ़ग़ानिस्तान को 47 रनों से हराया

    हार्दिक पांड्या और सूर्यकुमार यादव

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, हार्दिक पांड्या और सूर्यकुमार यादव बल्लेबाजी करते हुए

    टी20 वर्ल्ड कप के सुपर 8 के तीसरे मैच में गुरुवार को भारत ने अफ़गानिस्तान को 47 रनों से हरा दिया.

    इंडिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 181 रन बनाए.

    इंडिया की तरफ़ से सूर्यकुमार यादव ने सर्वाधित 28 गेंदों पर 53 रन बनाए.

    वहीं अफ़ग़ानिस्तान के फज़ल हक फ़ारूक़ी और राशिद ख़ान ने तीन-तीन विकेट लिए.

    181 रनों का पीछा करने उतरी अफ़गानिस्तान की टीम 134 रन ही बना सकी. भारत की तरफ़ से अर्शदीप सिंह और जसप्रीत बुमराह ने तीन-तीन विकेट लिए.

    शानदार प्रदर्शन के लिए सूर्यकुमार यादव को प्लेयर ऑफ द मैच दिया गया.

    भारत ने इस टी20 वर्ल्ड कप में अब तक बेहतरीन प्रदर्शन किया है. अभी तक भारतीय टीम एक भी मैच नहीं हारी है.

  19. नमस्कार!

    बीबीसी हिंदी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है!

    20 जून की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.