डेरिल मिचेल की नाबाद शतकीय पारी की बदौलत दूसरे वनडे में न्यूज़ीलैंड ने भारत को हराया

राजकोट में बुधवार को खेले गए दूसरे वनडे मैच में न्यूज़ीलैंड ने भारत को 7 विकेट से हराकर तीन मैचों की सिरीज़ में 1-1 से बराबरी कर ली.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह, संदीप राय

  1. हिमाचल प्रदेश: सोलन आग हादसे में जले हुए शवों के अवशेष मिले, अब तक 10 की मौत, सौरभ चौहान, हिमाचल प्रदेश से बीबीसी हिन्दी के लिए

    सोलन आग हादसा

    इमेज स्रोत, Saurabh Chauhan

    इमेज कैप्शन, सोलन के उपायुक्त ने इस मामले की जांच मजिस्ट्रेट से कराने के आदेश दिए हैं

    हिमाचल प्रदेश में सोलन ज़िले के अर्की बाज़ार में रविवार रात हुए भीषण आग हादसे के बाद तलाशी अभियान में बुधवार को सात और जले हुए शवों के अवशेष बरामद हुए.

    अब इस हादसे में मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर 10 हो गई है. अधिकारियों ने बताया कि मृतकों में नौ नेपाली नागरिक और बिहार का एक आठ साल का बच्चा शामिल है.

    सोलन के उपायुक्त ने इस मामले में मजिस्ट्रेट स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं.

    सोलन के अतिरिक्त उपायुक्त राहुल जैन ने कहा, "आग इतनी भयानक थी कि अब तक कोई शव पूरी तरह से नहीं मिला है. केवल मानव अवशेष ही बरामद हो रहे हैं."

    सोमवार को दो अवशेष, मंगलवार को तीन और बुधवार को सात अवशेष मिले हैं. इन अवशेषों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है, जहां डीएनए मिलान से पहचान की जाएगी. मृतकों के परिजनों के डीएनए सैंपल पहले ही ले लिए गए हैं.

    एनडीआरएफ़, एसडीआरएफ़, ज़िला प्रशासन, पुलिस, होम गार्ड्स और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने मंगलवार सुबह अभियान शुरू किया. टीम ने मंगलवार सुबह 9:45 बजे पहला अवशेष ढूंढा, जबकि दोपहर 12:45 से 1:15 बजे के बीच और अवशेष बरामद हुए.

    ख़तरे वाली इमारतों की दीवारों को गिराकर मलबा हटाया गया है और बचे मलबे को पास के चौगान मैदान में स्थानांतरित किया गया है, जहां गुरुवार को फिर से तलाशी होगी.

    सोलन आग हादसा

    इमेज स्रोत, Saurabh Chauhan

    इमेज कैप्शन, इमारत में नेपाल और बिहार से आए प्रवासी मजदूर रह रहे थे

    सोलन के पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने बताया कि लापता लोगों में दो पुरुष, दो महिलाएँ और पाँच बच्चे शामिल हैं. सभी नेपाली मूल के हैं. उन्होंने कहा, "अवशेष इतने जले हुए हैं कि पहचान असंभव है, इसलिए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी में डीएनए विश्लेषण कराया जा रहा है."

    पुलिस ने इमारत के मालिक राजीव गुप्ता के ख़िलाफ़ भारतीय न्याय संहिता की धारा 287 के तहत एफ़आईआर दर्ज की है, जिसमें आग या ज्वलनशील पदार्थों के प्रति लापरवाही का आरोप लगाया गया है. इसके अलावा, आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत भी कार्रवाई की जा रही है.

    अर्की के एसडीएम निशांत तोमर ने बताया कि इमारत के ग्राउंड और पहले फ्लोर पर व्यावसायिक गतिविधियां चल रही थीं, जबकि ऊपरी दो मंजिलों में नेपाल और बिहार से आए प्रवासी मजदूर किराए पर रह रहे थे.

  2. ब्रेकिंग न्यूज़, थाईलैंड में ट्रेन हादसा, कम से कम 22 की मौत

    थाईलैंड रेल हादसा

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, इस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है

    थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में बुधवार सुबह चलती ट्रेन के एक डिब्बे पर निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाली क्रेन गिर जाने से कम से कम 22 लोगों की मौत हुई है.

    स्थानीय पुलिस ने इन मौतों की पुष्टि की है.

    इसके अलावा हादसे में 79 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से आठ की हालत गंभीर बताई जा रही है. हादसे में मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है.

    यह हादसा बैंकॉक के उत्तर में नाखोन रत्चासिमा प्रांत में हुआ. रेलवे के गवर्नर को इस हादसे के कारणों की "पूरी और व्यापक" जांच करने को कहा गया है.

    रेलवे ने बताया है कि ट्रेन में 195 यात्री और स्टाफ़ सदस्य सवार थे.

    थाईलैंड रेल हादसा

    इमेज स्रोत, Facebook / State Railway of Thailand

    इमेज कैप्शन, यह हादसा बैंकॉक के उत्तर में नाखोन रत्चासिमा प्रांत में हुआ
  3. ट्रंप की चेतावनी, ईरान अगर प्रदर्शनकारियों को फांसी देता है तो 'बहुत कड़ी कार्रवाई' होगी, टैबी विल्सन

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Anna Moneymaker/Getty

    इमेज कैप्शन, ट्रंप ने सीबीएस न्यूज़ से बातचीत में यह बात कही है

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अगर ईरान प्रदर्शनकारियों को फांसी की सज़ा देता है, तो अमेरिका उसके ख़िलाफ़ "बहुत कड़ी कार्रवाई" करेगा.

    पिछले हफ़्ते हिरासत में लिए गए 26 साल के इरफ़ान सुल्तानी के रिश्तेदारों ने बीबीसी फ़ारसी को बताया कि उन्हें बुधवार को फांसी दी जानी है.

    हेंगॉ ऑर्गनाइज़ेशन फ़ॉर ह्यूमन राइट्स के एक प्रतिनिधि ने भी बीबीसी को बताया कि उन्होंने "कभी किसी मामले को इतनी तेज़ी से आगे बढ़ते नहीं देखा".

    बीबीसी के अमेरिकी सहयोगी सीबीएस न्यूज़ से बात करते हुए ट्रंप ने संभावित फांसी की सज़ाओं को लेकर कहा, "अगर वे उन्हें फांसी देते हैं, तो आप कुछ चीज़ें देखेंगे... अगर वे ऐसा करते हैं, तो हम बहुत कड़ी कार्रवाई करेंगे."

    सुल्तानी के रिश्तेदार ने बीबीसी फ़ारसी को बताया कि एक ईरानी अदालत ने "बेहद तेज़ प्रक्रिया में, महज़ दो दिनों के भीतर" मौत की सज़ा सुना दी.

    हेंगॉ के प्रतिनिधि अवयार शेख़ी ने कहा कि यह मामला दिखाता है कि ईरानी सरकार "लोगों को दबाने और डर फैलाने के लिए उन्हें जितनी तरकीबें आती हैं, सबका इस्तेमाल कर रही है".

    ईरान में बीते 28 दिसंबर से विरोध प्रदर्शन जारी हैं. मानवाधिकार संगठनों ने इस प्रदर्शनों में हज़ारों लोगों के मारे जाने का दावा किया है.

  4. जयशंकर और रुबियो ने फ़ोन कॉल पर की बात, इन मुद्दों पर हुई चर्चा

    एस जयशंकर और मार्को रुबियो

    इमेज स्रोत, BING GUAN/POOL/AFP via Getty

    इमेज कैप्शन, एस जयशंकर और मार्को रुबियो के बीच 'क्रिटिकल मिनरल्स' के साथ ही अन्य मुद्दों पर बात हुई (फ़ाइल फ़ोटो)

    विदेश मंत्री एस जयशंकर और अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के बीच फ़ोन पर बातचीत हुई है. इसकी जानकारी ख़ुद एस जयशंकर ने दी है.

    मंगलवार को हुई बातचीत के बारे में जयशंकर ने बताया, "सेक्रेटरी मार्को रुबियो के साथ एक अच्छी बातचीत हुई. हमारे बीच व्यापार, क्रिटिकल मिनरल्स, परमाणु सहयोग, रक्षा और ऊर्जा को लेकर चर्चा हुई."

    एस जयशंकर ने कहा कि उनके और अमेरिकी विदेश मंत्री के बीच इन मुद्दों के साथ-साथ अन्य मुद्दों को लेकर भी संपर्क में बने रहने पर सहमति बनी है.

    वहीं, अमेरिका की ओर से इस बातचीत की जानकारी भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने दी.

    उन्होंने बताया, "सेक्रेटरी रुबियो और डॉ जयशंकर के बीच एक सकारात्मक बातचीत हुई. दोनों ने द्विपक्षीय व्यापार वार्ता, क्रिटिकल मिनरल्स और अगले महीने संभावित बैठक के मुद्दे पर भविष्य के कदमों को लेकर चर्चा की."

    इससे पहले मंगलवार को 'क्रिटिकल मिनरल्स' के मुद्दे पर अमेरिका में बैठक हुई. इस बैठक में भारत की ओर से केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव शामिल हुए.

    इस बैठक के बारे में उन्होंने बताया, "कई देशों ने अपने अनुभवों को साझा किया. सप्लाई चेन के लिए वे लोग क्या कदम उठा रहे हैं और पर्यावरण के नज़रिए से क्रिटिकल मिनरल्स को कैसे रीसायकल करके ज़्यादा इस्तेमाल में लाया जा सके, इसकी गुणवत्ता पर कैसे फ़ोकस हो सहित कई विषयों पर चर्चा हुई. बैठक सकारात्मक थी."

  5. अमेरिका ने ईरान में रह रहे अपने नागरिकों के लिए फिर जारी की एडवाइज़री

    ईरान में विरोध प्रदर्शन

    इमेज स्रोत, Mert Alper Dervis/Anadolu via Getty

    इमेज कैप्शन, बीते 28 दिसंबर से ईरान में विरोध प्रदर्शन जारी हैं

    अमेरिका ने ईरान में रह रहे अपने नागरिकों के लिए फिर से एडवाइज़री जारी कर 'तुरंत ईरान छोड़ने' को कहा है.

    इससे एक दिन पहले भी अमेरिका ने अपने नागरिकों को 'तुरंत ईरान छोड़ने' के लिए कहा था.

    नई एडवाइज़री में कहा गया, "अमेरिकी नागरिकों को तुरंत ईरान छोड़ देना चाहिए. अगर सुरक्षित लगे तो ज़मीन के रास्ते तुर्की या आर्मेनिया जाने पर विचार करें."

    बीते 28 दिसंबर से ईरान में विरोध प्रदर्शन जारी हैं. इस प्रदर्शनों में हज़ारों लोगों के मारे जाने की आशंका है.

    मौतों को लेकर अलग-अलग रिपोर्ट्स में अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं.

    संबंधित कहानियां:

  6. ग्रीनलैंड के प्रधानमंत्री बोले- अमेरिका की बजाय डेनमार्क को चुनेंगे, पॉलिन कोला

    डेनमार्क और ग्रीनलैंड के प्रधानमंत्री

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, यूरोप के सहयोगी देशों ने ग्रीनलैंड के मामले में डेनमार्क को अपना समर्थन दिया है

    ग्रीनलैंड के प्रधानमंत्री जेंस फ़्रेडरिक नीलसन ने कहा है कि अगर उनके लोगों को 'अभी' चुनने के लिए कहा जाए तो वे अमेरिका की बजाय डेनमार्क को चुनेंगे.

    डेनमार्क की प्रधानमंत्री मेटे फ़्रेडरिक्सन के साथ संयुक्त प्रेस कॉन्फ़्रेंस में जेंस फ़्रेडरिक नीलसन के इस बयान को अब तक की सबसे कड़ी प्रतिक्रिया माना जा रहा है.

    यह बयान ऐसे समय पर आया है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ग्रीनलैंड को अपने साथ मिलाने की योजना को फिर से सामने रखा है.

    ट्रंप का कहना है कि रूस और चीन से बचाव के लिए अमेरिका का ग्रीनलैंड पर 'मालिकाना हक़' ज़रूरी है. व्हाइट हाउस ने द्वीप को ख़रीदने का सुझाव दिया है, लेकिन इसे अपने साथ मिलाने के लिए बल प्रयोग की संभावना से भी इनकार नहीं किया है.

    मंगलवार को बाद में जब ट्रंप से नीलसन की इस टिप्पणी पर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने कहा, "यह उनकी समस्या है, मैं उनसे सहमत नहीं हूं... उनके लिए यह एक बड़ी समस्या बनने वाली है."

    ग्रीनलैंड, डेनमार्क के अर्ध-स्वायत्त वाला क्षेत्र है. उसकी ख़ुद की सरकार है.

    वहीं, डेनमार्क नेटो का सदस्य देश है और उसकी प्रधानमंत्री मेटे फ़्रेडरिक्सन ने चेतावनी दी है कि सैन्य बल का इस्तेमाल ट्रांस-अटलांटिक रक्षा गठबंधन के अंत का संकेत होगा.

    नॉर्थ अमेरिका और आर्कटिक के बीच स्थित ग्रीनलैंड की भौगोलिक स्थिति उसे मिसाइल हमलों की स्थिति में शुरुआती चेतावनी प्रणालियों के लिए अहम बनाती है और इस क्षेत्र में जहाज़ों की निगरानी के लिहाज़ से भी उसे महत्वपूर्ण माना जाता है.

  7. ईरान में प्रदर्शनकारियों की मौत को लेकर अलग-अलग दावे

    ईरान में विरोध प्रदर्शन

    इमेज स्रोत, Reuters

    इमेज कैप्शन, ईरान में इंटरनेट और टेलीफ़ोन सेवाएं बंद होने के बाद हिंसा में बढ़ोतरी हुई है

    बीबीसी फ़ारसी सेवा के मुताबिक़, ईरान से आ रहीं रिपोर्ट्स से संकेत मिल रहे हैं देश में प्रदर्शनकारियों के ख़िलाफ़ 'अभूतपूर्व हिंसा' हुई है.

    ख़ासकर, बीते हफ़्ते गुरुवार को इंटरनेट और टेलीफ़ोन सेवाएं बंद होने के बाद हिंसा में बढ़ोतरी हुई है.

    समाचार एजेंसी रॉयटर्स और मानवाधिकार संगठनों ने मृतकों की संख्या दो हज़ार से पाँच हज़ार के बीच बताई है. हालांकि, ईरान से ताज़ा रिपोर्ट्स आने के बाद यह आँकड़ा बढ़ गया है.

    बीबीसी के अमेरिकी सहयोगी सीबीएस ने ईरान के अंदर और बाहर के सूत्रों का हवाला देते हुए मृतकों की संख्या लगभग 12 हज़ार बताई है. साथ ही सीबीएस ने यह भी स्पष्ट किया है कि यह आँकड़ा 20 हज़ार तक पहुँच सकता है.

    एक्सिओस न्यूज़ वेबसाइट का कहना है कि इसराइली ख़ुफ़िया सूत्रों ने मृतकों की संख्या लगभग पाँच हज़ार बताई है.

    हाल ही में ईरान छोड़ने वाले या स्टारलिंक के माध्यम से इंटरनेट से जुड़ने वाले लोगों ने बीबीसी को बताया है कि अस्पतालों और मुर्दाघरों में बड़ी संख्या में मृत और घायल लोगों को देखा है.

    ईरान में इंटरनेट और टेलीफ़ोन सेवाएं बंद होने के कारण विरोध प्रदर्शनों में मारे गए लोगों की संख्या का आकलन करने और अन्य जानकारी जुटाने में कठिनाई हो रही है.

  8. ईरान में इंटरनेट शटडाउन के बीच मस्क की कंपनी स्टारलिंक ने शुरू की मुफ़्त सेवा

    स्टारलिंक रिसीवर

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, स्टारलिंक के इंटरनेट का इस्तेमाल करने के लिए एक रिसीवर की ज़रूरत होती है

    बीबीसी फ़ारसी सेवा के मुताबिक़, एलन मस्क की कंपनी स्टारलिंक ने ईरान में रह रहे लोगों के लिए सैटेलाइट इंटरनेट सेवाएं मुफ़्त कर दी हैं.

    ईरान में जारी विरोध प्रदर्शनों की वजह से पिछले कुछ दिनों से देश में इंटरनेट सेवाएं बंद हैं. इस दौरान ईरान में रहने वालों के लिए स्टारलिंक बाहरी दुनिया से संवाद करने के कुछ गिने-चुने तरीक़ों में से एक रहा है.

    एक अनुमान के मुताबिक़ ईरान में कम से कम 50 हज़ार स्टारलिंक रिसीवर हैं, हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि उनमें से कितने सक्रिय हैं.

    ईरान में स्टारलिंक के इस्तेमाल को अपराध घोषित कर दिया गया है. हाल के दिनों में ऐसी रिपोर्ट्स सामने आई हैं कि ईरानी सरकार के एजेंट स्टारलिंक रिसीवर के मालिकों पर कार्रवाई कर रहे हैं.

    ईरान में स्टारलिंक के इंटरनेट का इस्तेमाल करने के लिए एक एंटीना सहित एक रिसीविंग डिवाइस की ज़रूरत होती है.

  9. ट्रंप ने ईरान को चेतावनी देते हुए उसके परमाणु ठिकानों को लेकर क्या कहा

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Mandel NGAN / AFP via Getty

    इमेज कैप्शन, डोनाल्ड ट्रंप ने यह भी कहा कि वह ईरान में लोकतंत्र देखना चाहते हैं

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा है कि उन्हें 'सही से पेश आना चाहिए'.

    ट्रंप से मंगलवार को जब एक पत्रकार ने सवाल किया कि 'ईरान का कहना है कि अगर अमेरिका उन पर हमला करता है तो वह इसका जवाब देंगे?'

    इस पर ट्रंप ने कहा, "हाँ, ईरान ने पिछली बार भी यही कहा था. तब मैंने उनके परमाणु ठिकानों को उड़ा दिया था, जो कि अब उनके पास नहीं है. इसलिए उन्हें सही से पेश आना चाहिए."

    अमेरिकी राष्ट्रपति ने ईरान में चल रहे विरोध प्रदर्शनों और वहाँ के लोगों को लेकर भी बयान दिया है. उन्होंने यह भी कहा कि वह ईरान में लोकतंत्र देखना चाहते हैं.

    ट्रंप ने कहा, "हम नहीं चाहते कि लोगों की हत्याएं हों. हम उनके लिए आज़ादी चाहते हैं. वे लोग लंबे समय से नरक में जी रहे हैं."

    उन्होंने आगे कहा, "मेरे कुछ दोस्त वहाँ पहले निवेश किया करते थे और उन्होंने अपने निवेश से अच्छा मुनाफ़ा भी कमाया. वह एक बेहतरीन जगह थी. वहाँ के लोग अच्छे थे. यहाँ तक कि लीडरशिप भी अच्छी थी. लेकिन अब वहाँ नरक में रहने जैसा है."

    ईरान में बीते 28 दिसंबर से लगातार विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं. ये प्रदर्शन देश में महंगाई और बिगड़ती अर्थव्यवस्था के मुद्दे पर शुरू हुए थे, जो कि अब हिंसक हो चुके हैं.

    मानवाधिकार संगठनों ने दावा किया है कि इन प्रदर्शनों में अब तक हज़ारों लोगों की मौत हुई है.

    संबंधित कहानियां:

  10. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.